दुद्धी (सोनभद्र)।विकास खण्ड अंतर्गत के मल्देवा स्थित कैलाश कुंज मंदिर / लवकुश पार्क को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के नाम पर करीब 1 करोड़ 91 लाख रुपये खर्च कर दिए गए, लेकिन जमीनी हकीकत देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को जांच के लिए पहुंची टीम भी बिना कुछ सुने, बिना कुछ देखे वापस लौट गई, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था ने मानक के अनुरूप काम ही नहीं कराया। पुराने निर्माण को ही रंग-रोगन कर नया दिखा दिया गया। स्थानीय नदियों से अवैध खनन कर निकाली गई बालू और मिट्टी युक्त घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया।

मंदिर परिसर में योगाभ्यास कक्ष, शौचालय, गुंबदनुमा हॉल में दो सीमेंट की बेंच, घाटों पर पत्थर, बाउंड्रीवाल, हाईमास्ट लाइट और मुख्य प्रवेश द्वार ही बनवाया गया है। शौचालय में आज तक पानी तक चालू नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि इन्हीं कामों में पूरी धनराशि खर्च दिखाकर निर्माण की इतिश्री कर ली गई। जबकि 5 से 10 लाख रुपये की धनराशि अभी भी आहरण के लिए शेष बताई जा रही है।

इस अनियमितता को लेकर ग्राम प्रधान की ओर से संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सोनभद्र और मंत्रीगणों को लिखित शिकायत देकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई थी।

इसी क्रम में 28 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे आईआईटी बीएचयू की एक महिला सदस्य, जिन्होंने मीडिया को अपना नाम बताने से इनकार कर दिया, सहायक अभियंता हरेंद्र नाथ वर्मा के साथ मौके पर पहुंचीं।

मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन जायसवाल, प्रभाकर प्रजापति, अभिमन्यु, नंदलाल भारती, सुरेंद्र शर्मा, शाहरुख खान, सन्नी सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने जब अपनी समस्याएं बतानी चाहीं तो टीम ने उनकी एक न सुनी और गाड़ी में बैठकर रवाना हो गई।

इससे ग्रामीणों में गहरा रोष है। ग्रामीणों ने मांग की है कि एस्टीमेट के अनुसार संपूर्ण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।