बाराबंकी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बाराबंकी यातायात पुलिस ने देवा तिराहे पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने तथा निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाने की सलाह दी।

हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, जीवन का सुरक्षा कवच

पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को बताया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं है, बल्कि सड़क दुर्घटना के दौरान सिर को गंभीर चोट से बचाने और जीवन सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी तरह सीट बेल्ट का इस्तेमाल भी दुर्घटना के समय जान बचाने में मददगार होता है।पुलिस ने लोगों से की नियमों का पालन करने की अपील

बाराबंकी पुलिस ने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों का स्वयं पालन करें और दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। पुलिस के अनुसार, वाहन चलाते समय थोड़ी सी सावधानी सड़क दुर्घटनाओं से बचाने के साथ ही परिवारों की खुशियां भी सुरक्षित रख सकती है।