लखनऊ। राजधानी लखनऊ में जिला कचहरी के आसपास अतिक्रमण कर बनाए गए अवैध वकीलों के चैंबरों के खिलाफ नगर निगम एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। रविवार सुबह से बुलडोजर अभियान शुरू होगा। इस दौरान सर्वे में चिह्नित शेष 106 अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया जाएगा। कार्रवाई को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
नगर निगम जोन-1 के जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह के मुताबिक, सर्वे के दौरान चिह्नित अवैध निर्माणों में अभी 106 संपत्तियां हटाई जानी बाकी हैं। इन्हें रविवार को ध्वस्त किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा भारी पुलिस बल, नगर निगम का प्रवर्तन दल और फायर ब्रिगेड की टीमें भी तैनात रहेंगी।
25 अक्टूबर को ध्वस्त किए गए थे 100 चैंबर
इससे पहले 25 अक्टूबर को नगर निगम ने जिला कचहरी के बाहर अवैध रूप से बने वकीलों के 100 चैंबरों पर बुलडोजर चलाया था। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चली कार्रवाई के दौरान अधिवक्ताओं ने जमकर विरोध किया था। कई वकील सड़क पर बैठ गए थे और नारेबाजी करने लगे थे। विरोध के दौरान कुछ अधिवक्ता बुलडोजर पर चढ़ गए थे, जबकि कुछ उसके पहियों के सामने लेट गए थे। कार्रवाई के दौरान महिला अधिवक्ता भी भावुक नजर आई थीं।

हाईकोर्ट से भी नहीं मिली राहत
ध्वस्तीकरण अभियान के खिलाफ अधिवक्ताओं की ओर से इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपील दाखिल की गई थी, लेकिन अदालत ने इसे खारिज कर दिया था। इससे पहले मई से अगस्त के बीच दो चरणों में 72 अवैध चैंबरों को भी हटाया जा चुका है।
नगर निगम की ओर से संबंधित वकीलों को नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद मिली 14 आपत्तियों का निस्तारण भी किया जा चुका है। पहले यह कार्रवाई 11 अक्टूबर को प्रस्तावित थी, लेकिन आपत्तियों के निस्तारण और न्यायालय में अपील लंबित होने के चलते इसे टाल दिया गया था।
वहीं अब इस कार्रवाई पर अधिवक्ताओं और प्रशासन की नजरें टिकी हुई हैं।