बाराबंकी। लोधेश्वर महादेवा धाम में आयोजित होने वाले महादेवा महोत्सव में इस बार भी श्रद्धालुओं को अमरनाथ गुफा के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। ब्लॉक प्रमुख बृजपाल सिंह उर्फ ज्ञानू सिंह के प्रयास से महोत्सव में दूसरी बार भव्य अमरनाथ गुफा का निर्माण कराया जा रहा है। यह गुफा महोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। रविवार से गुफा निर्माण का कार्य शुरू हो गया है।

अमरनाथ गुफा के निर्माण के लिए लखनऊ से कारीगर त्रिमोहन राठौर अपनी टीम के साथ लोधेश्वर धाम पहुंचे हैं। उन्होंने करीब एक दर्जन कर्मचारियों को निर्माण कार्य में लगाया है। कर्मचारियों ने बांस-बल्लियों के माध्यम से गुफा का ढांचा तैयार करना शुरू कर दिया है। निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। कारीगरों के अनुसार पांच दिसंबर तक गुफा बनकर तैयार हो जाएगी।

कारीगर त्रिमोहन राठौर ने बताया कि इस बार करीब 400 फीट लंबी और 35 से 40 फीट ऊंची अमरनाथ गुफा तैयार की जाएगी। गुफा के अंदर बर्फ से अमरनाथ शिवलिंग का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा भगवान शिव की भव्य प्रतिमा सबसे ऊंचाई पर स्थापित होगी। गुफा में आकर्षक झरना और विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी। पूरे परिसर को सफेद चादरों से सजाया जाएगा और आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए गुफा के अंदर सीढ़ियां भी बनाई जाएंगी।

गुफा का एक विशेष आकर्षण भोलेनाथ का स्वरूप धारण करने वाले व्यक्ति होंगे, जो लगातार तीन दिनों तक बर्फ की शिला पर नंगे पैर खड़े रहेंगे। इससे श्रद्धालुओं को अमरनाथ धाम जैसी अनुभूति कराने का प्रयास किया जाएगा।