लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार, 27 नवंबर से 10 दिवसीय खादी महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया। प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने महोत्सव का उद्घाटन किया। यह महोत्सव आगामी 6 दिसंबर तक चलेगा। इसमें खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी के लिए लोगों को खास अवसर मिल रहा है।
महोत्सव में कुल 150 स्टॉल लगाए गए हैं, जिन पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए उद्यमी और शिल्पकार अपने पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री कर रहे हैं। यहां खादी के कपड़ों के साथ ग्रामीण उद्योगों से जुड़े हस्तनिर्मित सामान भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
खरीदारों को आकर्षित करने के लिए खादी के कपड़ों पर 30 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी जा रही है। इस बार महोत्सव की थीम 'धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति' रखी गई है। इसके माध्यम से पारंपरिक कारीगरी, स्वदेशी उत्पादों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने का संदेश दिया जा रहा है।
उद्घाटन के दौरान मंत्री राकेश सचान ने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि स्वाभिमान और स्वदेशी की पहचान है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि पिछले पांच वर्षों में खादी एवं ग्रामोद्योग के माध्यम से 2.79 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है।
महोत्सव में स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी के साथ ही प्रदेश के स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार का मंच भी मिल रहा है। 6 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में लोग खादी के कपड़ों और हस्तनिर्मित उत्पादों की खरीदारी कर सकते हैं।