पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। नगर के समीप कोरहना स्थित प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल में 29 नवंबर से दो दिसंबर तक चार दिवसीय प्रदेश स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। आयोजन का विशेष आकर्षण टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाली मीराबाई चानू का पहली बार चंदौली आगमन होगा। उनके साथ भारतीय भारोत्तोलन महासंघ के अध्यक्ष एवं भारतीय ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. सहदेव यादव भी शामिल होंगे।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का होगा चयन

आयोजन की जानकारी देने के लिए शनिवार को पीडीडीयू नगर स्थित रिंग्स होटल में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान चंदौली भारोत्तोलन संघ के संरक्षक डॉ. पीयूष यादव ने बताया कि प्रदेश स्तरीय चैंपियनशिप खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसी प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन 30 नवंबर को सुबह नौ से दस बजे के बीच प्रस्तावित है। मीराबाई चानू के आगमन की सूचना 29 नवंबर की देर शाम अथवा 30 नवंबर की सुबह तक मिलने की संभावना है।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने की पहल

डॉ. पीयूष यादव ने कहा कि चंदौली बड़ा ग्रामीण अंचल वाला जनपद है। यहां गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाने, बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें अपने ही जिले में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता देखने का अवसर उपलब्ध कराना आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।

दिग्गज खेल हस्तियों की उपस्थिति प्रस्तावित

कार्यक्रम में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित भारतीय भारोत्तोलन टीम के मुख्य कोच विजय शर्मा तथा उत्तर प्रदेश वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष एवं एशियाई भारोत्तोलन संघ की सीईओ सबीना यादव की भी उपस्थिति प्रस्तावित है।

प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रदीप यादव और वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव ने आयोजन को सफल बनाने के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की बात कही।

खेल प्रेमियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील

डॉ. पीयूष यादव ने क्षेत्र के लोगों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मीराबाई चानू जैसी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर स्थानीय युवाओं के लिए गौरव की बात होगी।