लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार, 28 नवंबर को लंबित मोटर वाहन चालानों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इसमें मोटर वाहन अधिनियम के तहत आने वाले समझौता योग्य चालानों का निपटारा किया जाएगा। इससे लंबे समय से लंबित चालानों से परेशान वाहन मालिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पीआरवी वैन के जरिए किया गया प्रचार-प्रसार
विशेष लोक अदालत की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार को जिला न्यायालय परिसर से पीआरवी वैन रवाना की गईं। जिला जज मलखान सिंह ने हरी झंडी दिखाकर वैन को रवाना किया। ये वाहन जिले की तहसीलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को लोक अदालत के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इस दौरान अपर जिला जज प्रकाश तिवारी सहित अन्य न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता मौजूद रहे।
ये दस्तावेज लेकर पहुंचें वाहन मालिक
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सोनाली पुनिया के अनुसार, चालान का निस्तारण कराने के लिए वाहन मालिकों को आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन बीमा के दस्तावेज, चालान की प्रति और वैध पहचान पत्र साथ लाना होगा।
12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत
प्रशासन के अनुसार, आगामी 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का भी आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 1 अगस्त से 30 दिसंबर तक राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान-3.0 चलाया जा रहा है, जिसके तहत आपसी बातचीत और समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कराया जा रहा है।