पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। देव दीपावली एवं सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य शोभायात्रा एवं नगर कीर्तन निकाला गया। पिछले कई दिनों से चल रही प्रभात फेरी का यह अंतिम दिन था। शोभायात्रा धर्मशाला गुरुद्वारे से प्रारंभ होकर मुगलसराय गुरुद्वारे पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों के लोगों ने शामिल होकर गुरु महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। इस दौरान निशान साहब की सेवा भी की गई।
विधायक रमेश जायसवाल ने दिया प्रेम और भाईचारे का संदेश
कार्यक्रम में विधायक रमेश जायसवाल शामिल हुए। उन्होंने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की सभी को लख-लख बधाई दी और प्रेम, एकता तथा भाईचारे का संदेश दिया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सेवादार रंजीत सिंह ने बताया कि नौ दिवसीय प्रभात फेरी का समापन नगर कीर्तन के रूप में हुआ। आयोजन को सफल बनाने में चढ़ीकला ग्रुप एवं कमेटी के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
24 नवंबर को मनाया जाएगा गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व

सेवादार सरदार महेंद्र सिंह ने बताया कि 24 नवंबर को गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मनाया जाएगा। इस अवसर पर बाहर से आए कीर्तन जत्थे भजन-कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद देर शाम तक श्रद्धालुओं के बीच गुरु का लंगर वितरित किया जाएगा।
'एक ओंकार' का संदेश आज भी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत
इस अवसर पर गुरदीप सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी का सिद्धांत 'एक ओंकार' पूरी मानवता को एकता और समानता का संदेश देता है। उनके उपदेश 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है।
कार्यक्रम में गुरुद्वारा साहिब के प्रधान रजीत सिंह, महेंद्र सिंह, सतनाम सिंह, नरेंद्र पाल सिंह, नरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, मनमीत सिंह, राजा हरभजन सिंह, गगनदीप सिंह, मनीष सिंह एवं हरदीप सिंह सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।