पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। नगर स्थित गुरुद्वारे में मंगलवार को साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव तजिंदर सिंह बग्गा ने गुरुद्वारे पहुंचकर मत्था टेका और उपस्थित लोगों को प्रकाश पर्व की लख-लख बधाइयां दीं।

दस दिनों से चल रहे थे धार्मिक आयोजन

कार्यक्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पिछले दस दिनों से चल रहे धार्मिक आयोजनों के अंतर्गत प्रभात फेरी, अखंड पाठ और निशान साहिब की सेवा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य आयोजन के दौरान मुंबई से आए भाई प्यारा सिंह जी के हजूरी रागी जत्थे ने शब्द कीर्तन प्रस्तुत किया। भावपूर्ण कीर्तन सुनकर संगत निहाल हो गई।

सभी समाजों के लोगों ने टेका मत्था

गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सेवादार सरदार रणजीत सिंह ने बताया कि गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व पूरे देश में श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। मुगलसराय और आसपास के क्षेत्रों से सभी समाजों के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर गुरु महाराज के चरणों में शीश नवाया।

गुरु वाणी ने दिया मानवता और भाईचारे का संदेश

गुरुद्वारा सेवादार सरदार महेंद्र सिंह ने बताया कि देव दीपावली और एकादशी के अवसर पर बनारस दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं ने भी गुरुद्वारे में मत्था टेका। उन्होंने गुरु नानक देव जी के संदेश—'अवल अल्लाह नूर उपाया, कुदरत के सब बंदे, एक नूर ते सब जग उपजे कौन भले कौन मंदे'—के माध्यम से मानवता, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

इस दौरान अमरनाथ जायसवाल, नफीस अहमद, गुड्डू, गुलशेर सिद्दीकी, वीरेंद्र यादव, विक्की जुनेजा, आनंद सिंह, अब्दुल्लाह शेख, संतोष जायसवाल और नितिन गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।