सोनभद्र : थाना रायपुर पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और धोखाधड़ी के आरोप में वांछित हिस्ट्रीशीटर मनोज कुमार पांडेय उर्फ दुराचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना रायपुर का हिस्ट्रीशीटर है, जिसका एचएस नंबर-36ए दर्ज है।

सरकारी और रेलवे नौकरी का झांसा देकर करता था ठगी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर सरकारी और रेलवे विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देने तथा लोगों से रकम ऐंठने के आरोप हैं। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में सात से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

दुबियार पुलिया के पास से हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने 27 नवंबर 2026 को सुबह करीब 7:40 बजे दुबियार पुलिया, थाना रायपुर क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।