गोण्डा। ब्लॉक रुपईडीह के थाना खरगूपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रूपईडीहा में शुक्रवार रात करीब नौ बजे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान राजकुमार मौर्य पुत्र सीताराम मौर्य के रूप में हुई है। बताया जाता है कि राजकुमार के छोटे भाई शिवकुमार की भी करीब दस वर्ष पहले लुधियाना में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।

दो शादियां, परिवार में बच्चे

परिजनों के मुताबिक, राजकुमार की पहली शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी, जिससे एक बेटा शिवकुमार है। वह मुंबई में रहकर मजदूरी करता है। पहली पत्नी के छोड़कर चले जाने के बाद राजकुमार ने करीब चार वर्ष पहले अनीता से दूसरी शादी की थी। दूसरी पत्नी से भी उसका एक बेटा है।

रात में घर पहुंचने के बाद हुई घटना

मृतक की पत्नी अनीता ने बताया कि शुक्रवार रात राजकुमार अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर घर पहुंचे और खाना मांगा। वह खाना परोसने की तैयारी कर रही थीं, इसी दौरान राजकुमार कमरे में बच्चों के साथ खेलने लगे और दरवाजा बंद कर लिया।

कुछ देर बाद खाना खाने के लिए बुलाने पर राजकुमार बाहर आए और नशे की हालत में गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद बच्चे को बाहर छोड़कर कमरे के अंदर चले गए और दरवाजा बंद कर लिया।

पत्नी के अनुसार, काफी देर तक खाना खाने के लिए आवाज लगाई गई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाकर दरवाजा खुलवाया गया तो राजकुमार फंदे पर लटके मिले।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस संबंध में खरगूपुर थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर या प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।