लखीमपुर खीरी। किसानों की फसल चोरी के मामलों पर कार्रवाई करते हुए ईसानगर पुलिस ने धान चोरी के मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी का बताया गया 12 बोरी धान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार उर्फ पंकज उर्फ भल्लर और लोधे के रूप में हुई है। दोनों नारीबेहड़ गांव के निवासी हैं।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग और अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी निघासन के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थानाध्यक्ष ईसानगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

मुकदमा दर्ज होने के बाद से चल रहे थे वांछित

पुलिस के अनुसार, थाना ईसानगर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 385/2026, धारा 305(ए)/317(2) बीएनएस से संबंधित मामले में दोनों आरोपी वांछित थे। पुलिस ने पवन कुमार उर्फ पंकज उर्फ भल्लर पुत्र मोतीलाल और लोधे पुत्र होली, निवासी ग्राम नारीबेहड़, थाना ईसानगर, जिला खीरी को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 12 बोरी प्लास्टिक में रखा धान बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश करने हेतु रवाना किया।

इन पुलिसकर्मियों की टीम ने की गिरफ्तारी

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल मो. शोएब और कांस्टेबल अंकित कुमार वर्मा शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

क्षेत्र में धान चोरी की घटनाओं को लेकर किसानों की चिंता के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।