लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए आज यानी शुक्रवार, 27 नवंबर का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के 1,594 नवनियाचित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इसको लेकर लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में भव्य समारोह आयोजित किया गया है।

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत वित्त विभाग को 201 लेखा परीक्षक (ऑडिटर) और 1,393 सहायक लेखाकार (असिस्टेंट अकाउंटेंट) मिले हैं। सभी चयनित अभ्यर्थियों का चयन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से किया गया है।

वित्त विभाग को मिलेगी नई मजबूती

चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती उत्तर प्रदेश वित्त विभाग के आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय के अंतर्गत की जाएगी। इन नियुक्तियों से सरकारी विभागों में लेखा संबंधी कार्यों और वित्तीय ऑडिट व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

नियुक्ति पत्र वितरण के साथ ही चयनित युवाओं को सरकारी सेवा में नई जिम्मेदारी मिलेगी। लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है।

समारोह में शामिल होंगे वित्त मंत्री

इस कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना समेत अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।

युवाओं के लिए रोजगार की बड़ी सौगात

प्रदेश सरकार की इस पहल को सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 1,594 युवाओं को एक साथ सरकारी सेवा में अवसर मिलने से उनके परिवारों में भी खुशी का माहौल है।