पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा थानों में रिक्त पदों को भरने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने रविवार, 29 नवंबर को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। जारी आदेश के तहत कुल 14 निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में कई पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन से थानों में तैनाती दी गई है, जबकि कुछ थाना प्रभारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
छह थानों को मिले नए प्रभारी निरीक्षक
जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह को सैयदराजा, विनीत राय को मुगलसराय, धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय को अलीनगर, रविंद्र भूषण मौर्य को चकिया, राम सज्जन नागर को धानापुर तथा विजय प्रताप सिंह को धीना थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
वहीं, धीना के प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। बबुरी के प्रभारी निरीक्षक किशोर कुमार चौबे को पुलिस कार्यालय में नई जिम्मेदारी दी गई है। उपनिरीक्षक अशोक कुमार मिश्रा को बबुरी थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
कई उपनिरीक्षकों के भी बदले कार्यक्षेत्र
इसी क्रम में अर्जुन सिंह को मुगलसराय से स्थानांतरित कर बलुआ थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भूपेंद्र कुमार निषाद को सकलडीहा से इलिया थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
पुलिस लाइन से विजय प्रताप सिंह को सकलडीहा तथा नरसिंह ओझा को कैंदवा थाने की कमान सौंपी गई है। वहीं, महिला उपनिरीक्षक रीता देवी को कैंदवा से महिला थाने में तैनात किया गया है।
तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल के बाद जिले के कई थानों में नई टीम के साथ कामकाज शुरू होगा। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने और स्थानांतरण आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।