बाराबंकी। रबी फसलों की बुवाई के मद्देनजर जनपद में किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए कृषि विभाग ने पर्याप्त व्यवस्था होने का दावा किया है। जिला कृषि अधिकारी राजित राम ने बताया कि जनपद में वर्तमान समय में यूरिया, डीएपी, एनपीके और एमओपी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। विभाग की ओर से उर्वरकों की उपलब्धता के साथ ही उनकी गुणवत्ता और निर्धारित मूल्य पर बिक्री सुनिश्चित कराने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जिला कृषि अधिकारी के अनुसार जनपद में 8,01,519 बोरी यूरिया, 1,26,140 बोरी डीएपी/टीएसपी, 5,49,820 बोरी एनपीके तथा 1,48,512 बोरी एमओपी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि पारादीप फास्फेट लिमिटेड कंपनी की पहली बार जनपद में यूरिया की रैक पहुंची, जिसमें कुल 24,009 बोरी यूरिया प्राप्त हुई। इसमें से 5,244 बोरी सहकारी बिक्री केंद्रों तथा 18,765 बोरी निजी बिक्री केंद्रों पर सीधे आपूर्ति कराई गई।
उर्वरकों की गुणवत्ता और निर्धारित दर पर बिक्री की जांच के लिए कृषि विभाग की टीमों ने जनपद के 32 उर्वरक बिक्री केंद्रों पर छापेमारी की। इस दौरान 15 उर्वरक नमूने एकत्र किए गए। अनियमितता मिलने पर चार विक्रेताओं के उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र निलंबित किए गए, जबकि एक विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

जिला कृषि अधिकारी राजित राम ने तहसील नवाबगंज एवं फतेहपुर क्षेत्र के 18 उर्वरक बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान मेसर्स आलोक ट्रेडिंग कंपनी खेवली, मां ललिता किसान सेवा केंद्र बिलौली, आदर्श खाद भंडार कुतुलूपुर बिलौली तथा वर्मा फर्टिलाइजर्स एंड पेस्टीसाइड मझगवां खरीफ के प्रतिष्ठान बंद पाए गए। इन चारों के उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिए गए। वहीं हिन्द कृषि सेवा केंद्र मल्लावां के अभिलेख अपूर्ण मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए एवं उर्वरक निरीक्षक देशराज ने नवाबगंज और रामसनेहीघाट क्षेत्र के 14 बिक्री केंद्रों का निरीक्षण कर 11 उर्वरक नमूने एकत्र किए।