बांदा। बीरा चौराहे से मर्का तक जाने वाली करीब 15 किलोमीटर लंबी सड़क ओवरलोड ट्रकों और ट्रैक्टरों के लगातार आवागमन से जर्जर हो गई है। वहीं, खदान संचालक की ओर से सड़क पर डलवाई गई मिट्टी और सुबह-शाम पानी के छिड़काव ने राहगीरों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। मिट्टी के कीचड़ में तब्दील होने से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर गिरने का खतरा बना हुआ है।

क्षेत्रीय समस्याओं को सुनने खेरा गांव पहुंचे बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव के सामने खेरा, मुड़वारा, चरका, औदहा, गोंडा, मटेहना, अरवारी और बीरा समेत करीब एक दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली का मुद्दा उठाया।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से दिन-रात ओवरलोड ट्रक और ट्रैक्टर गुजरते हैं। भारी वाहनों के लगातार दबाव के चलते सड़क जगह-जगह टूटकर जर्जर हो चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि चरका खदान संचालक की ओर से भारी वाहनों के आवागमन के लिए सड़क पर मिट्टी डलवाई गई है। सुबह और शाम पानी का छिड़काव होने से यही मिट्टी कीचड़ में बदल जाती है, जिससे राहगीरों के वाहन फिसल रहे हैं और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने विधायक से सड़क की जल्द मरम्मत कराने, ओवरलोड वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने और कीचड़ की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। उनका कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण रोजाना आवागमन करने वाले ग्रामीणों, विद्यार्थियों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक विशंभर सिंह यादव ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित उच्च अधिकारियों से बातचीत कर जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।