लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर निशाना साधते हुए पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में सरकारी भर्तियों और विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और बसपा ने अपने पूरे कार्यकाल में जितनी नौकरियां नहीं दीं, उससे दोगुने नियुक्ति पत्र उनकी सरकार ने बांटे हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 1947 से लंबे समय तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही। इसके बाद सपा और बसपा ने सात बार सरकार बनाई, लेकिन इन सभी सरकारों के कार्यकाल में कुल जितने नियुक्ति पत्र नहीं बांटे गए, उससे दोगुने नियुक्ति पत्र उनकी सरकार ने दिए हैं।
आठ हजार लेखपालों समेत हजारों युवाओं को मिलेगी नौकरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि अगले सप्ताह आठ हजार लेखपालों, 42 हजार होमगार्डों और दो हजार शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उनकी सरकार की रफ्तार के सामने नियुक्तियों की संख्या गिनना भी मुश्किल होगा।

उन्होंने सपा के 30 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी देने के वादे पर भी सवाल उठाए और कहा कि जब सपा सत्ता में थी, तब उसने क्या किया, इसका जवाब भी देना चाहिए।
1,594 युवाओं को नियुक्ति पत्र, चार जिलों में टैबलेट वितरण
मुख्यमंत्री शुक्रवार को लखनऊ में 1,594 नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर रहे थे। इनमें 201 ऑडिटर और 1,393 असिस्टेंट अकाउंटेंट शामिल हैं। इन युवाओं को आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में तैनाती मिलेगी।
वहीं मुख्यमंत्री गोंडा में चार जिलों के 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट भी वितरित करेंगे।

पिछली सरकारों पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार का आरोप
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य माना जाता था। युवाओं का पलायन होता था, किसान आत्महत्या करते थे और बेटियां भी सुरक्षित नहीं थीं।
उन्होंने पिछली सरकारों पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में सिफारिश और भाई-भतीजावाद हावी था, जबकि वर्तमान सरकार में योग्य युवाओं को बिना भेदभाव अवसर मिल रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने यह भी आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में विकास योजनाओं के नाम पर जनता के हितों की अनदेखी होती थी और सरकारी नौकरियों से लेकर विकास कार्यों तक में भ्रष्टाचार का बोलबाला था।