बांदा। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और सहकारी समितियों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सहकारिता विभाग ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। सर्किट हाउस में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में सहकारिता विभाग के प्रमुख सचिव ने एक सप्ताह के भीतर समितियों को खाद खरीद के लिए 15 लाख रुपये की कैश एंड कैरी ऋण सीमा स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समितियों को खाद खरीदने के लिए धन की कमी नहीं होनी चाहिए, ताकि किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता में परेशानी न हो।
बैठक में खाद की उपलब्धता, किसान ऋण वितरण, ऋण वसूली, धान खरीद और पैक्स कंप्यूटरीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि मंडल के चारों जिलों में कुल 20,037 मीट्रिक टन यूरिया, 3,401 मीट्रिक टन डीएपी और 2,529 मीट्रिक टन एनपीके का स्टॉक उपलब्ध है।
प्रमुख सचिव ने जिला कृषि अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर सभी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर खाद की नियमित उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। इफको के क्षेत्राधिकारी ने जानकारी दी कि डीएपी की 2,758 मीट्रिक टन की एक रैक प्राप्त हुई है। इसमें चित्रकूट को 1,000 मीट्रिक टन, महोबा को 400 मीट्रिक टन और बांदा को 1,358 मीट्रिक टन डीएपी आवंटित की गई है। निर्देश दिए गए कि खाद को रैक प्वाइंट से सीधे बिक्री केंद्रों तक पहुंचाया जाए, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी न हो।
ऋण वितरण का लक्ष्य 63.21 प्रतिशत पूरा
समीक्षा बैठक में बताया गया कि खरीफ और रबी के संयुक्त ऋण वितरण का लक्ष्य 41 हजार लाख रुपये निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष मंडल के चारों जिलों में अब तक 25,914.90 लाख रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 63.21 प्रतिशत है। अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
वहीं अल्पकालीन ऋण की मांग 12,847.41 लाख रुपये के सापेक्ष महज 514.90 लाख रुपये की वसूली हुई है, जो 4.01 प्रतिशत है। इस पर प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को वसूली में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मंडल में 56 धान क्रय केंद्रों को मंजूरी
धान खरीद की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मंडल में कुल 56 धान क्रय केंद्र अनुमोदित किए गए हैं। इनमें बांदा में 36, हमीरपुर में चार और चित्रकूट में 16 केंद्र शामिल हैं। खाद्य विभाग के केंद्रों पर अब तक 111.760 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है।
प्रमुख सचिव ने शेष केंद्रों को तत्काल सक्रिय कराने, किसानों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने और सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) की प्रक्रिया निर्धारित समय पर पूरी कराने के निर्देश दिए।
पैक्स कंप्यूटरीकरण में तेजी लाने पर जोर
बैठक में पैक्स कंप्यूटरीकरण योजना की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि बांदा और चित्रकूट में प्रथम चरण के तहत कुल 86 बी-पैक्स समितियां चयनित की गई हैं। इनमें बांदा की 38 और चित्रकूट की 15 समितियां ई-पीडीएस के तहत कार्य कर रही हैं।
महोबा में प्रथम चरण की 14 और द्वितीय चरण की 28 समितियों सहित कुल 42 समितियां चयनित हुई हैं। वहीं हमीरपुर में तीन चरणों में कुल 46 समितियों का चयन किया गया है। महोबा की 15 और हमीरपुर की 14 बी-पैक्स समितियां ई-पैक्स के रूप में कार्य कर रही हैं।
प्रमुख सचिव ने मंडल के सभी जिला प्रबंधकों को कंप्यूटरीकरण का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि समितियों की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में मंडल के संबंधित विभागीय अधिकारी, उप आयुक्त एवं उप निबंधक सहकारिता, क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी तथा जिला सहकारी बैंक बांदा और हमीरपुर के कार्यपालक अधिकारी मौजूद रहे।