लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश का किसान, युवा, मजदूर और व्यापारी परिवर्तन चाहता है। जनता वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। प्रदेश की जनता तैयार बैठी है और भाजपा का अंत आने वाला है। भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार, महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। मुख्यमंत्री को रोजगार दर और बेरोजगारी दर की जानकारी तक नहीं है।
बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि असली लड़ाई उन्हें लड़नी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपना बूथ और वोटर लिस्ट संभालने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बेईमानी और धांधली के सहारे चुनाव जीतती है। एसआईआर के दौरान भी भाजपा बेईमानी करना चाहती थी, लेकिन सपा कार्यकर्ताओं और पीडीए प्रहरियों ने अपने वोट बचा लिए। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि अपना वोट सुरक्षित रखें और बूथ को मजबूत करें।
वोटर लिस्ट को आधार कार्ड से जोड़ने की मांग
अखिलेश यादव ने मतदाता सूची को आधार कार्ड से जोड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि सभी लोगों के पास आधार कार्ड और बायोमेट्रिक व्यवस्था है, तो फिर वोटर लिस्ट को आधार कार्ड से क्यों नहीं जोड़ा जा रहा है? उन्होंने आधार कार्ड को मेटल का बनाए जाने का सुझाव भी दिया, ताकि नकली आधार कार्ड न बन सकें। उन्होंने सवाल उठाया कि जब डिजिटल इंडिया और दुनिया के बराबर बनने की बात हो रही है, तो मतदाता सूची को आधार से जोड़ने की दिशा में कदम क्यों नहीं उठाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दावा कर रहे हैं कि एसआईआर के दौरान एक करोड़ 27 लाख वोट कट गए। यदि इतने वोट कटे हैं तो मुख्यमंत्री को एसआईआर के दौरान समाजवादियों द्वारा उठाए गए सवालों का समर्थन करना चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा पीडीए से घबराई हुई है। अब लड़ाई 80 बनाम 20 की नहीं, बल्कि 95 बनाम 5 की है। उन्होंने दावा किया कि इस बार विधानसभा चुनाव में भाजपा का पता नहीं लगेगा। भाजपा की हार देखकर मुख्यमंत्री की भाषा और व्यवहार बदल गया है।

यूपीडा के टेंडर में 17,500 करोड़ के बंदरबांट का आरोप
सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। यूपीडा के ठेकों में साढ़े 17 हजार करोड़ रुपये के टेंडर का आपस में बंदरबांट हो गया। सरकारी बजट की भारी लूट चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने 26 हजार प्राथमिक स्कूल बंद कर गरीबों के बच्चों को शिक्षा से दूर कर दिया और शिक्षा विभाग में लाखों नौकरियां कम कर दीं। सरकार नौजवानों से रोजगार छीनने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक रोजगार बिजली विभाग में मिल सकता है, लेकिन भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री ने एक भी बिजलीघर नहीं लगाया।
उन्होंने निवेश के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में कहीं भी अपेक्षा के अनुरूप फैक्ट्री या उद्योग नहीं लगे और युवाओं को रोजगार नहीं मिला। सपा सरकार के कार्यकाल में लखनऊ, कानपुर और आगरा में मेट्रो रेल शुरू हुई, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिला। लखनऊ में सपा सरकार के दौरान बनी मेट्रो का विस्तार भी आगे नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि लखनऊ में एचसीएल लाया गया, जहां हजारों युवाओं को नौकरी मिली। भाजपा सरकार में स्वास्थ्य सेवाएं भी खराब हो चुकी हैं और अस्पतालों को खुद इलाज की जरूरत है।
पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने प्रदेश की पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने पुलिस व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है और आम जनता का पुलिस से भरोसा उठ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली पर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट ने भी टिप्पणियां की हैं। उन्होंने लखीमपुर खीरी की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पहले पिता की हत्या हुई, फिर बेटे का अपहरण हुआ और इसके बाद दो बच्चों के फांसी पर लटके मिलने की घटना सामने आई। परिवार जांच से संतुष्ट नहीं है और उसे न्याय नहीं मिल रहा है।

उन्होंने हाथरस जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में परिवारों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। पुलिस मनमानी करती है और लोगों के साथ जोर-जबरदस्ती करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं और बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। किसानों को उनकी फसलों का सही मूल्य भी नहीं मिल रहा है।
किसानों को खाद, बीज और पानी तक नहीं दे पाई सरकार
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को समय पर खाद, बीज और पानी उपलब्ध नहीं करा पाई। उनके मुताबिक, प्रदेश में बिचौलिए हावी हैं और सरकार चीनी मिल मालिकों के साथ मिली हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी मिल मालिक समय पर मिलें नहीं चला रहे हैं और मुख्यमंत्री धन्नासेठों से रात के अंधेरे में मिलते हैं।
गरीबों को राशन के साथ तेल और घी देने का वादा
अखिलेश यादव ने अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान महिलाओं और बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अपने परिवार के लिए तेल इकट्ठा कर रहे लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें अपमानित किया गया। उन्होंने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गरीबों को राशन के साथ सरसों का तेल और घी भी मुफ्त दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में सपा सरकार के दौरान राहत सामग्री के साथ तेल और घी भी वितरित किया गया था।