फतेहपुर। धान की फसल काटने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। बकेवर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी ईंट, मृतक के मोबाइल फोन के क्षतिग्रस्त पार्ट्स और आरोपी का मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को महेश कुमार ने सूचना दी थी कि उनके भाई रामजीवन (40) का शव ग्राम दिलावलपुर स्थित बाग के पास नहर पटरी किनारे पड़ा मिला है। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। शुरुआत में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम और पुलिस जांच में हत्या की आशंका सामने आने के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई।
धान काटने को लेकर हुआ था विवाद
जांच के दौरान सामने आया कि 12 नवंबर की शाम करीब पांच बजे रामजीवन और गांव निवासी रविशंकर उर्फ रवि के बीच धान की फसल काटने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, रविशंकर अपने खेत में धान काटने गया था। इसी दौरान शराब के नशे में मौजूद रामजीवन ने उसे फसल काटने से मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रविशंकर ने पास में पड़ी ईंट उठाकर रामजीवन के सिर पर दो-तीन वार कर दिए, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना का रूप देने की कोशिश, मोबाइल भी तोड़ा
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए घटनास्थल के आसपास झाड़ियों को अस्त-व्यस्त कर दिया और मृतक की साइकिल को नहर पटरी की ढलान पर गिराकर रख दिया।
आरोपी वारदात के बाद मृतक का मोबाइल फोन भी गलती से अपना समझकर उठा ले गया था। बाद में जानकारी होने पर उसने मोबाइल को तोड़कर उसके कई टुकड़े नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिए और मौके से फरार हो गया।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविशंकर उर्फ रवि पुत्र छेदालाल, निवासी ग्राम पधारा, थाना बकेवर, जनपद फतेहपुर, उम्र करीब 50 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी ईंट, मृतक का काले रंग का लावा मोबाइल फोन के क्षतिग्रस्त पार्ट्स और आरोपी का काले रंग का लावा कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है।