बाराबंकी। परिवार की जिम्मेदारियों और बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर घर से निकले 18 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार सुबह परिवार को अलविदा कहकर लखनऊ में रोजगार के लिए निकला अंशु गुरुवार देर शाम सफदरगंज थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मृत मिला। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में उसके लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां चीख-पुकार और मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार हादसा सैदखानपुर रेलवे स्टेशन से करीब दो किलोमीटर पहले सफदरगंज थाना क्षेत्र में हुआ। ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया और शव के अंग रेलवे ट्रैक के आसपास बिखर गए। घटनास्थल का दृश्य देखकर मौके पर पहुंचे लोग भी सहम गए।

मृतक की पहचान अंशु पुत्र पप्पू निवासी ग्राम गोपालपुर, थाना दरियाबाद के रूप में हुई। बताया जाता है कि अंशु बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे घर से लखनऊ में काम करने के लिए निकला था। परिवार को उम्मीद थी कि वह रोजगार के सिलसिले में लखनऊ पहुंचकर काम में जुट गया होगा, लेकिन गुरुवार देर शाम उसकी मौत की सूचना ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही सफदरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पहुंचे। जवान बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

अंशु पांच भाई-बहनों में एक था। उसके चार भाई सतीश, रवि, पृथ्वीराज और अंशु हैं, जबकि परिवार में एक बहन राधिका भी है। कम उम्र में ही रोजगार की तलाश में निकले अंशु की असमय मौत से परिवार की उम्मीदें टूट गईं। बुधवार को जिस बेटे को परिवार ने बेहतर भविष्य की कामना के साथ घर से विदा किया था, गुरुवार को उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।