चंदौली : खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान खरीद की शुरुआत शुक्रवार को हो गई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) की नवीन मंडी स्थित धान क्रय केंद्र पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने एक किसान के साथ फीता काटकर खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ किया।
इस दौरान डीएम ने क्रय केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता की स्थिति देखी। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली।
जिले में बनाए गए 147 धान क्रय केंद्र
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में धान खरीद के लिए कुल 147 क्रय केंद्र अनुमोदित किए गए हैं। इन केंद्रों पर विभिन्न क्रय संस्थाओं के माध्यम से किसानों से धान खरीदा जाएगा। इस वर्ष शासन ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। इसके अलावा सफाई और छनाई के लिए किसानों को 20 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त दिए जाएंगे।
सरकारी खरीद के लिए पंजीयन अनिवार्य
डीएम ने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप धान सरकारी क्रय केंद्रों पर लेकर आएं। एमएसपी का लाभ लेने के लिए खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल Fcs.up.gov.in पर पंजीयन कराना अनिवार्य है। किसान फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर भी अपना धान बेच सकते हैं।
उन्होंने कहा कि धान बेचने के समय किसानों को पंजीयन प्रपत्र और जरूरी अभिलेख साथ लाने होंगे।
बिचौलियों से दूर रहने की किसानों को सलाह
जिलाधिकारी ने किसानों को बिचौलियों से बचने और सीधे सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने की सलाह दी। साथ ही केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और तौल की प्रक्रिया पारदर्शी रखी जाए।
उन्होंने क्रय केंद्रों पर शुद्ध पेयजल और छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। डीएम ने चेतावनी दी कि धान खरीद में लापरवाही या किसी तरह की अनियमितता सामने आने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी राधवेन्द्र सिंह सहित किसान मौजूद रहे।