मुगलसराय : पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में शुक्रवार शाम सामाजिक सरोकार के तहत कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सोनू किन्नर की पहल पर हुए इस आयोजन में गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के साथ रिक्शा एवं ट्रॉली चालकों को कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम में करीब 250 जरूरतमंदों को कंबल बांटे गए। वहीं, रिक्शा और ट्रॉली चालकों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।
कंबल पाकर खिले जरूरतमंदों के चेहरे
ठंड के मौसम में कंबल मिलने से जरूरतमंद लोगों के चेहरों पर खुशी नजर आई। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे आर्थिक रूप से कमजोर और मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन करने वाले लोगों के लिए राहत भरा कदम बताया।
जरूरतमंदों की मदद करना मुख्य उद्देश्य: शमशाद
चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष सोनू किन्नर के सामाजिक सरोकार के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 250 से 300 जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित करने का लक्ष्य रखा गया था। इसके साथ ही रिक्शा और ट्रॉली चालकों के भोजन की व्यवस्था भी की गई।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना और समाज के कमजोर वर्गों तक सहायता पहुंचाना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम के जरिए गरीब और मेहनतकश लोगों को ठंड से बचाव के लिए राहत देने का प्रयास किया गया।