लखीमपुर खीरी। उम्र के उस पड़ाव पर भी जोश और जुनून बरकरार है, जहां अक्सर लोग आराम को प्राथमिकता देने लगते हैं। ऑस्ट्रेलिया से भारत भ्रमण पर निकले करीब 30 बुजुर्गों का दल बीते दिवस गुरुवार को रामापुर पहुंचा तो उनकी सक्रिय जीवनशैली और घूमने-फिरने के जज्बे ने लोगों का ध्यान खींचा।

करीब चार सप्ताह पहले शुरू हुई इस यात्रा में बुजुर्ग लगातार अलग-अलग स्थानों का भ्रमण कर रहे हैं। उनका यह सफर बताता है कि उम्र बढ़ने के साथ जिंदगी की रफ्तार थमना जरूरी नहीं है। फिटनेस, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ बुजुर्ग भी नई चुनौतियों का सामना कर सकते हैं।

इस मौके पर भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई बुजुर्गों की जीवनशैली को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। ऑस्ट्रेलिया में वरिष्ठ नागरिकों के बीच सक्रिय जीवन, आउटडोर गतिविधियों और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को महत्व दिया जाता है। वहीं भारत में बुजुर्गों की दिनचर्या अक्सर परिवार, सामाजिक जिम्मेदारियों और पारंपरिक जीवनशैली से जुड़ी रहती है। हालांकि भारत में भी योग, मॉर्निंग वॉक, खेल और फिटनेस के प्रति वरिष्ठ नागरिकों की रुचि बढ़ रही है।

ऑस्ट्रेलिया से आए इस दल की यात्रा ने एक संदेश जरूर दिया है कि उम्र को सपनों और घूमने-फिरने की राह में दीवार नहीं बनने देना चाहिए। दल का अगला पड़ाव बरेली और उसके बाद दिल्ली है।