गोंडा। जनपद गोंडा के कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र में आगामी 4, 5 और 6 दिसंबर को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज सेवादार राजपाल कथा स्थल चोरी चौराहा स्टेट पहुंचे और आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में सेवादार राजपाल ने बताया कि प्रतापगढ़ के कुंडा में कथा के आयोजन के बाद गोंडा में बाबा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा आयोजित होगी। इस भव्य आयोजन में गोंडा के साथ-साथ पूर्वांचल के कई जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि कथा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। करीब पांच लाख लोगों की क्षमता को ध्यान में रखकर पंडाल तैयार किया जा रहा है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि वैभव सिंह मोनू भी मौजूद रहे। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।