गोंडा : शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज (टामसन), गोंडा में शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत भव्य टैबलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवीपाटन मंडल के चार जिलों के कुल 46,800 छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। मुख्यमंत्री ने गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के पांच-पांच विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर अपने हाथों से टैबलेट दिए।
टैबलेट मिलने पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं के साथ सेल्फी भी ली। इस दौरान बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और कार्यक्रम स्थल पर मौजूद युवाओं ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
चारों जिलों के 20 विद्यार्थियों को मंच पर मिला टैबलेट
मुख्यमंत्री ने गोंडा की प्रियंका चतुर्वेदी, सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, अर्चिता और सैयद अनस को टैबलेट प्रदान किए। बहराइच से मानवी पांडेय, अमिता जायसवाल, समा बेगम, कुंज बिहारी और शिवेंद्र प्रताप सिंह को टैबलेट दिए गए।
इसी तरह श्रावस्ती से रिद्धिमा वैश्य, साधना मिश्रा, जैनब, भूपेंद्र विश्वकर्मा और राजवीर सिंह तथा बलरामपुर से अर्चना शुक्ला, रमन द्विवेदी, सौम्या पांडेय, अभिजीत भट्ट और मोहम्मद सुलेमान सिद्दीकी को मंच पर बुलाकर टैबलेट वितरित किए गए।
जिलेवार वितरण के तहत गोंडा के 33,200, बहराइच के 7,400, बलरामपुर के 5,100 और श्रावस्ती के 1,100 छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए गए।
गोंडा और देवीपाटन मंडल का गौरवशाली इतिहास: मुख्यमंत्री
टैबलेट वितरण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि गोंडा और देवीपाटन मंडल का इतिहास गौरवशाली रहा है। यह वीरों की धरती है, जिसने विदेशी आक्रांताओं का मुकाबला किया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में प्रदूषण के मामले में गोंडा की स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन 2017 के बाद स्वच्छता के क्षेत्र में जिले ने अग्रणी स्थान हासिल किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में विकास की नई धारा शुरू हुई।
योगी आदित्यनाथ ने गोंडा में मेडिकल कॉलेज, बहराइच में मेडिकल कॉलेज और बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय के निर्माण का उल्लेख किया। उन्होंने थारू संग्रहालय के निर्माण को भी क्षेत्र के विकास की उपलब्धियों में शामिल किया। उनके अनुसार, इन परियोजनाओं से देवीपाटन मंडल में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश सरकार ने देवीपाटन मंडल के विकास के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ाए गए हैं और उनका असर अब जमीन पर दिखाई दे रहा है।

साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि गोंडा पहुंचने से पहले उन्होंने लखनऊ में 1,594 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए हैं।
उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल नौकरी मिलने का दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं के परिश्रम, प्रतिभा और योग्यता का सम्मान है। सरकार रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए भी लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें दिए जा रहे टैबलेट उनकी प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ने में मददगार होंगे। इनके जरिए वे ज्ञान, तकनीक और नई संभावनाओं से जुड़ सकेंगे।
उन्होंने कहा कि 46,800 छात्र-छात्राओं को दिए जा रहे टैबलेट महज इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं, बल्कि चलते-फिरते विश्वविद्यालय की तरह हैं। इनके माध्यम से युवा घर बैठे दुनिया भर की शैक्षिक सामग्री, तकनीकी जानकारी और ज्ञान के विभिन्न स्रोतों तक पहुंच बना सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से इस सुविधा का सकारात्मक उपयोग कर अपने भविष्य को नई दिशा देने की अपील की।
डिजिटल क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी: कीर्तिवर्धन सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एवं गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि भारत दुनिया में सबसे अधिक युवाओं वाला देश है और युवा शक्ति उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी स्थान पर है।
कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया के अन्य देशों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। टैबलेट के माध्यम से युवा वैश्विक स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से जुड़ सकेंगे और अपनी शिक्षा, कौशल तथा प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ईमानदारी और मेहनत के साथ विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एवं गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष गोंडा घनश्याम मिश्रा, श्रावस्ती के जिला पंचायत अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद दद्दन मिश्रा, बलरामपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, बहराइच की जिला पंचायत अध्यक्ष मंत्रा देवी, कैसरगंज सांसद करणभूषण सिंह और बहराइच सांसद आनंद कुमार गौड़ मौजूद रहे।
इसके अलावा विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, कटरा बावन सिंह, तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, मनकापुर रमापति शास्त्री, महसी सुरेश्वर सिंह, तरबगंज प्रेम नारायण पांडेय, बहराइच अनुपमा जायसवाल, मेहनौन विनय कुमार द्विवेदी, गौरा प्रभात कुमार वर्मा, गोंडा प्रतीक भूषण सिंह, बलरामपुर पल्टू राम, करनैलगंज अजय कुमार सिंह, बलहा सरोज सोनकर, नानपारा राम निवास वर्मा, उतरौला राम प्रताप वर्मा और श्रावस्ती राम फेरन पांडेय उपस्थित रहे।
विधान परिषद सदस्यों में अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह, प्रज्ञा त्रिपाठी और पदमसेन चौधरी शामिल रहे। भाजपा जिलाध्यक्षों में गोंडा के अकबाल बहादुर तिवारी, बहराइच के बृजेश पांडेय, बलरामपुर के रवि कुमार मिश्रा और श्रावस्ती के डॉ. मिश्री लाल वर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों में आयुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक शुक्ला, जिलाधिकारी गोंडा रमेश रंजन, पुलिस अधीक्षक अभिषेक और मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद सहित मंडल एवं जिले के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के जरिए युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने, उनकी तकनीकी दक्षता बढ़ाने और आधुनिक संसाधनों के माध्यम से उनके भविष्य को बेहतर बनाने का संदेश दिया गया।