मुगलसराय : भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर घर-घर पहुंचकर ऐसे पात्र लोगों की पहचान कर रहे हैं, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है। उन्हें फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी : जिलाध्यक्ष
अभियान के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना बेहद जरूरी है। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी जिम्मेदारी के साथ घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।
17 नवंबर से शुरू हुआ मतदाता जोड़ो अभियान
भाजपा दीनदयाल नगर मंडल अध्यक्ष एडवोकेट कुंदन सिंह ने बताया कि 17 नवंबर से पूरे प्रदेश में मतदाता जोड़ो अभियान की शुरुआत की गई है। संगठन के निर्देश पर प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता छूटे हुए मतदाताओं की पहचान कर रहे हैं। साथ ही फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई जा रही है।
अधिक से अधिक पात्र लोगों को जोड़ने पर जोर
विधानसभा प्रभारी चाणक्य त्रिपाठी ने अभियान में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को मतदाता सूची से जोड़ना संगठन की प्राथमिकता है।
इस दौरान अजीत मौर्य, सुरेंद्र चौहान समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर अभियान को सफल बनाने में जुटे रहे। कार्यकर्ताओं ने लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया।