लखीमपुर खीरी : आगामी चुनावों के मद्देनजर मतदाताओं को जागरूक करने और मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए निघासन तहसील परिसर में ईवीएम एवं वीवीपैट जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 20 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत तहसील परिसर में ईवीएम मशीन लगाकर आम नागरिकों को मतदान का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

अधिकारियों ने समझाई ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली

तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार सिंह और नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार ने तहसील परिसर पहुंचकर लोगों को ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के काम करने का तरीका समझाया। उन्होंने बताया कि नागरिक स्वयं मशीन पर बटन दबाकर मतदान की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास कर सकते हैं।

इस दौरान बलराम, शैलेश, ओमकार और सुरेश समेत कई लोगों ने अपनी पसंद के चुनाव चिह्न का बटन दबाकर मॉक वोटिंग की।

वीवीपैट से देख सकेंगे किस चुनाव चिह्न को दिया वोट

तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहसील परिसर में कोई भी नागरिक निशुल्क ईवीएम पर मतदान का अभ्यास कर सकता है। वीवीपैट मशीन के जरिए मतदाता यह भी देख सकते हैं कि उनके द्वारा चुने गए चुनाव चिह्न की पर्ची प्रदर्शित हुई है या नहीं।

वहीं, ट्रेनर अभिषेक यादव ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मतदाताओं की शंकाओं को दूर करना और उन्हें मतदान प्रक्रिया से भली-भांति परिचित कराना है। इससे चुनाव के दौरान मतदाता बिना किसी भ्रम या झिझक के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।