रामनगर, बाराबंकी। रामनगर-फतेहपुर मार्ग पर जफरपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाई हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में बड़े भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के पांच दिन बाद मृतक के भाई की तहरीर पर रामनगर पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम लोकईपुरवा निवासी रामसुमिरन पुत्र रामानंद का भाई लवकुश और गांव का सचिन पुत्र लालजी 20 नवंबर की शाम गांव ददौरा में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। दोनों 21 नवंबर की रात करीब 12:37 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। रामनगर-फतेहपुर मार्ग पर जफरपुर मोड़ के पास पहुंचे तो बाइक सड़क किनारे खड़ी कर अपने साथ जा रहे लोगों का इंतजार करने लगे।
इसी दौरान फतेहपुर की तरफ से आ रही सफेद रंग की अज्ञात पिकअप ने तेज रफ्तार में ओवरटेक करते हुए बाइक सवारों को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सचिन गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की।