बाराबंकी। एथलेटिक्स की पोल वॉल्ट (बांस कूद) स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन करने वाले रिक्रूट आरक्षी कुलदीप को पुलिस अधीक्षक बाराबंकी ने सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कुलदीप की खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खिलाड़ी कोटा से यूपी पुलिस में हुआ चयन
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की कुशल खिलाड़ी कोटा के तहत चयनित आरक्षी कुलदीप वर्तमान में बाराबंकी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने एथलेटिक्स की पोल वॉल्ट स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एशियन गेम्स 2026 और कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस का प्रतिनिधित्व किया है।
5.41 और 5.45 मीटर की छलांग से बनाए राष्ट्रीय रिकॉर्ड
कुलदीप ने 2 से 3 मई 2026 तक भुवनेश्वर में आयोजित प्रथम इंडियन इंडोर ओपन कंबाइंड इवेंट्स एवं पोल वॉल्ट प्रतियोगिता में 5.41 मीटर की ऊंचाई पार कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद 22 से 25 मई तक रांची में आयोजित 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में 5.45 मीटर का प्रदर्शन कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया। इसी उपलब्धि के दम पर उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई किया।
पुलिस अधिकारियों ने किया सम्मानित
इससे पहले पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश भी कुलदीप को शील्ड प्रदान कर सम्मानित कर चुके हैं। इसी क्रम में 23 नवंबर को पुलिस अधीक्षक बाराबंकी ने उन्हें सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया। कुलदीप की उपलब्धि को उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए गौरवपूर्ण बताया जा रहा है।