लखीमपुर खीरी : स्पोर्ट्स स्टेडियम लालपुर में शुक्रवार को नन्हे खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना के बीच दो दिवसीय जनपद स्तरीय परिषदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और तालियों की गूंज के बीच जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने खेल ध्वज फहराकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

उन्होंने मार्चपास्ट कर रही टीमों की सलामी ली और खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की शपथ दिलाई।

खेल मैदान चरित्र निर्माण की पाठशाला: बीएसए

उद्घाटन समारोह में बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने कहा कि खेल का मैदान केवल शारीरिक मेहनत करने का स्थान नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण की पाठशाला भी है। यहां जीत सम्मान दिलाती है, जबकि हार आगे बढ़ने का हौसला देती है। उन्होंने बच्चों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

गत वर्ष की चैंपियन तान्या देवी ने मशाल लेकर ट्रैक पर दौड़ लगाई तो पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा। प्रतियोगिता की शुरुआत बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ से हुई। इसमें रमियाबेहड़ की रिया ने पहला स्थान हासिल किया। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन

कार्यक्रम के दौरान अम्बरसोत, अटकोहना और शीतलापुर समेत विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अटकोहना के विद्यार्थियों की योग प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

दौड़ और अंत्याक्षरी प्रतियोगिता के परिणाम

प्रतियोगिता में अब तक घोषित परिणामों के अनुसार प्राथमिक स्तर की 400 मीटर बालक दौड़ में नकहा के अर्पित ने प्रथम, निघासन के विनय ने द्वितीय और रमियाबेहड़ के दीपक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में रमियाबेहड़ की रिया प्रथम, नकहा की इन्नम्मा द्वितीय और पलिया की आकांक्षा तृतीय स्थान पर रहीं।

जूनियर स्तर की 600 मीटर बालिका दौड़ में पलिया की प्रीति ने पहला स्थान हासिल किया। मितौली की ललिता दूसरे और नकहा की अलकिशा तीसरे स्थान पर रहीं।

वहीं, अंत्याक्षरी प्रतियोगिता में निघासन की टीम ने प्रथम, लखीमपुर की टीम ने द्वितीय और बेहजम की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

शिक्षक और अधिकारी रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी नीरज मौर्य, खंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण कुमार त्रिपाठी, सुनील कुमार, हृदय शंकर लाल श्रीवास्तव, प्रशांत राठौर, तरुण कुमार, अमन गुप्ता, शाहीन अंसारी, अनिल झा और जिला व्यायाम शिक्षक विवेक गुप्ता सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, शिक्षक, खेल अनुदेशक और प्रतिभागी बच्चे मौजूद रहे।