करनैलगंज (गोंडा)। देव दीपावली के पावन अवसर पर करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सिंह ने सरयू घाट पहुंचकर नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित विराट कुश्ती दंगल में शिरकत की। इस दौरान विधायक अजय सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली पहलवानों का उत्साहवर्धन किया और उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की।
कुश्ती दंगल में पहलवानों ने अपने दमखम, अद्भुत कौशल और शानदार दांव-पेच से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। विधायक अजय सिंह ने कहा कि कुश्ती हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति और गौरवशाली विरासत का अभिन्न हिस्सा है। यह खेल युवाओं में अनुशासन, साहस, आत्मविश्वास और शारीरिक मजबूती विकसित करने का काम करता है।

विधायक अजय सिंह ने नशामुक्त समाज के निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। ऐसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने इस भव्य एवं सराहनीय आयोजन के लिए समस्त आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए इस तरह के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।
देव दीपावली के अवसर पर सरयू घाट पर विधायक अजय सिंह की मौजूदगी और पहलवानों का उत्साहवर्धन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। इस आयोजन के माध्यम से खेल, संस्कृति और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।