हलधरमऊ (गोंडा)। विकासखंड हलधरमऊ की ग्राम पंचायत गोनवा में उचित दर विक्रेता (कोटेदार) के चयन को लेकर खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल पांच लोगों ने अपने प्रस्ताव प्रस्तुत किए।

जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशों के अनुसार कोटे की दुकान के लिए प्रथम प्राथमिकता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं तथा दूसरी प्राथमिकता मिट्टी तेल विक्रेता को दी जानी है। इन दोनों श्रेणियों में पात्रता न पाए जाने की स्थिति में अन्य आवेदकों पर विचार किया जाएगा।

बैठक के दौरान प्रस्तुत प्रस्तावों में से दो लोगों ने अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद स्वयं सहायता समूहों के नाम प्रस्ताव के लिए भेजे गए, जिनमें हिन्द स्वयं सहायता समूह, हर्ष स्वयं सहायता समूह और नारी शक्ति स्वयं सहायता समूह शामिल हैं।

बैठक में एडीओ पंचायत राकेश कुमार श्रीवास्तव, बीएमएम आईएसबी विजय बहादुर सिंह, ग्राम प्रधान राकेश कुमार मिश्रा, प्रधान प्रतिनिधि पिंटू मिश्रा एवं शिव पूजन (पुजारी बाबा) सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग मौजूद रहे।

फिलहाल कोटे की दुकान के चयन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। चयन प्रक्रिया को अगली बैठक के लिए प्रस्तावित कर दिया गया है। अब अगली बैठक में निर्धारित प्रक्रिया के तहत कोटे की दुकान के चयन पर निर्णय लिया जाएगा।