गोण्डा। कांग्रेस भवन गोंडा में देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का नेतृत्व शहर अध्यक्ष एवं सभासद शाहिद अली कुरैशी ने किया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
इसके बाद आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के जीवन, राजनीतिक संघर्ष और देश के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
इंदिरा गांधी भारत की ताकत थीं: शाहिद अली कुरैशी
शहर अध्यक्ष शाहिद अली कुरैशी ने कहा कि इंदिरा गांधी सिर्फ एक प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि भारत की ताकत थीं। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और गरीबों के अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। बैंकों का राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति और बांग्लादेश के निर्माण जैसे ऐतिहासिक फैसले उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और लौह नेतृत्व के प्रमाण हैं।

उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के विचार और आदर्श आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके बताए रास्ते पर चलने का प्रयास कर रहा है।
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
गोष्ठी में जिला संयोजक डॉ. सैयद अब्दुल मुजीब, प्रदेश सेवादल संगठन मंत्री एवं शहर संगठन प्रभारी सुकई भारती, हरिराम वर्मा, श्रीमती जानकी देवी, संतोष कुमार, प्रेमनाथ, छोटेलाल, राम नेग गिरी और जाकिर अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के आदर्शों, गरीबों के अधिकारों की लड़ाई और देश की एकता एवं अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।