गोंडा : करनैलगंज नगर क्षेत्र के पिपरी में सैकड़ों वर्ष पुरानी श्री श्याम रामलीला परिषद की बैठक आयोजित की गई। इसमें नई कार्यकारिणी का गठन करने के साथ ही पांच दिवसीय धनुषयज्ञ महोत्सव और रामलीला मंचन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से सतीश पांडेय को परिषद का अध्यक्ष और शिव शंकर ‘शिवा गुप्त’ को महामंत्री चुना गया।

सर्वसम्मति से चुने गए पदाधिकारी

बैठक में परिषद की नई कार्यकारिणी के गठन के दौरान परमेश तिवारी, अजय अवस्थी, ननकू दुबे और संजय पांडेय को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। पदाधिकारियों के चयन के बाद आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

19 दिसंबर से शुरू होगा पांच दिवसीय धनुषयज्ञ महोत्सव

बैठक में निर्णय लिया गया कि 19 दिसंबर 2026 को रामायण पूजन के साथ धनुषयज्ञ महोत्सव और रामलीला मंचन का शुभारंभ किया जाएगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू करने पर सहमति बनी।

परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सतीश पांडेय ने बताया कि इस बार रामलीला मंचन में स्थानीय कलाकारों के साथ बाहरी कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने कहा कि परिषद की ऐतिहासिक परंपरा क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का संकल्प

अध्यक्ष सतीश पांडेय ने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल रामलीला का आयोजन करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, संस्कारों और भारतीय संस्कृति से जोड़ना भी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की।

बैठक में ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर बृजेश कुमार अवस्थी, कृपाराम शुक्ल, अंजनी कुमार दुबे, पवन कुमार दुबे, राकेश मिश्र, नीरज अवस्थी, सोनू शुक्ल, अनिल शुक्ल, लवकुश पांडेय, रामकुमार शाह और दीनानाथ गुप्त सहित परिषद के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में सभी ने आगामी धनुषयज्ञ महोत्सव और रामलीला मंचन को सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।