बाराबंकी। शहर में यातायात पुलिस और आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) की तकनीकी टीम ने तत्परता दिखाते हुए ई-रिक्शा में छूटे दंपति के बैग को सकुशल बरामद कर उन्हें सौंप दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से दंपति ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में एक दंपति ई-रिक्शा से सफर कर रहा था। इसी दौरान उनका बैग ई-रिक्शा में ही छूट गया। बैग में जरूरी सामान के साथ एक मोबाइल फोन भी रखा हुआ था। कुछ समय बाद बैग छूटने की जानकारी होने पर दंपति परेशान हो गया। इसके बाद मामले की सूचना यातायात पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक रामयतन यादव के निर्देशन में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। यातायात पुलिस की आईटीएमएस तकनीकी टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। कैमरों में कैद गतिविधियों के आधार पर संबंधित ई-रिक्शा की पहचान करने के साथ उसकी लोकेशन भी ट्रैक की गई।

तकनीकी टीम के सहयोग और पुलिसकर्मियों के त्वरित प्रयासों से कुछ ही समय में छूटे हुए बैग का पता लगा लिया गया। इसके बाद बैग को सुरक्षित बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी दंपति को सौंप दिया गया। बैग में रखा मोबाइल फोन और अन्य जरूरी सामान भी सुरक्षित मिलने से दंपति ने राहत महसूस की।