अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी में करीब 25 लाख रुपये खर्च करने और नकदी व जेवरात देने के बावजूद ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने विवाहिता से अतिरिक्त दहेज में 20 लाख रुपये और लग्जरी कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को कथित रूप से प्रताड़ित किया गया और घर से निकाल दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्वार्सी थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता की शादी 20 अप्रैल 2025 को गुजरात के भरूच जिले के अंकलेश्वर निवासी यासिर अराफात चौधरी के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी में करीब 25 लाख रुपये खर्च किए गए थे। इसके अलावा नकदी और जेवरात भी दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे।
आरोप है कि 25 जुलाई 2025 को 20 लाख रुपये और लग्जरी कार की मांग पूरी नहीं होने पर पति यासिर अराफात चौधरी, ससुर अब्दुल कुहूस, सास शफीकुननिशा, ननद शहनाज उर्फ हिना, रुकैया खातून, सुफिया चौधरी, सुमैया साबरीन और हुसैन आफताब तजमुल हुसैन चौधरी ने विवाहिता को कमरे में बंद कर लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता के भाई के पहुंचने पर भी ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर मांग पूरी किए बिना विवाहिता को रखने से इनकार कर दिया। 27 जुलाई 2025 को उसे पहने हुए कपड़ों में ही घर से निकाल दिया गया।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, 29 अगस्त 2025 को पति ने WhatsApp कॉल कर कहा कि जब तक कार और पैसे नहीं मिलेंगे, तब तक वह उसे नहीं रखेगा और दूसरी शादी कर लेगा। इसके बाद जब विवाहिता ने अपना दहेज का सामान और जेवरात वापस मांगे तो पति ने कथित तौर पर फोन पर तीन बार तलाक कहकर कॉल काट दी। बाद में पति की दूसरी शादी करने की जानकारी भी सामने आई।
मामले में महिला थाना पुलिस ने 28 नवंबर 2026 को पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं, दहेज प्रतिषेध अधिनियम और मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रिंस चौधरी को सौंपी गई है।