बाराबंकी। ऐतिहासिक रामपुर महोत्सव 2026 का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव की शुरुआत से पहले शाम 6 बजे ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित हुई जिसमें जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, एडीएम निरंकार सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, सीओ सिटी मो. आफताब आलम, उप नियंत्रक सिविल डिफेंस अनीता प्रताप सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक उपस्थित रहे, ब्लैक आउट मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा एवं बचाव की तैयारियों का अभ्यास किया गया।
ब्लैकआउट मॉक ड्रिल के बाद मंदिर के मुख्य द्वार जिला होमगार्ड कमांडेंट, मेला कमेटी के अध्यक्ष आनंद मोहन ‘कुलदीप वर्मा’ एवं महंत शिवकुमार दास द्वारा फीता काटकर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बाबा रमतराम चतुर्भुजी महाराज का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

गौरतलब है कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर त्रिकालज्ञ परम संत रमतराम चतुर्भुज स्वामी जी की पावन तपोस्थली पर आयोजित होने वाला यह ऐतिहासिक महोत्सव 22 नवंबर से 1 दिसंबर तक चलेगा। कई सौ वर्षों से आयोजित हो रहे इस मेले में दीपदान की विशेष धार्मिक मान्यता है। यहां बाराबंकी, लखनऊ, सीतापुर सहित आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

दस दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में धार्मिक आयोजनों के साथ रंगोली, मेहंदी, चित्रकला, नृत्य, गायन, कवि सम्मेलन, अवधी संध्या, बॉलीवुड म्यूजिकल नाइट सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष हनुमानगढ़ी अयोध्या के महंत श्रीश्री 1008 राजूदास जी महाराज का विशेष आगमन भी प्रस्तावित है।
इस अवसर पर अध्यक्ष आनंद मोहन, महंत शिव कुमार दास, जहांगीराबाद ग्राम प्रधान राजेश गुप्ता, धर्मेंद्र वर्मा, आशीष वर्मा, उत्तम सिंह, ललित वर्मा सहित कमेटी के सभी सदस्य भी मौजूद रहे।