मुगलसराय : पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में बुधवार तड़के करीब 4:30 बजे रेलवे पुलिस कॉलोनी के समीप रेलवे परिसर में जमा कूड़े के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। वहीं, आग से उठे घने धुएं के कारण पूरे इलाके में धुंध छा गई और स्थानीय निवासियों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रेलवे परिसर में लंबे समय से कूड़े का ढेर जमा था। बुधवार भोर में अचानक उसमें आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। रेलवे पुलिस कॉलोनी के पास आग लगने से लोगों को किसी बड़े हादसे की आशंका सताने लगी। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। कई लोगों ने आग और धुएं का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया।
डीआरएम ने अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश
मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने बताया कि स्थानीय लोगों से आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आग पर नियंत्रण पाने और कूड़े के उचित निस्तारण के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

रेलवे परिसर की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद रेलवे परिसर की सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिसर में लंबे समय से कूड़ा जमा होने के कारण ऐसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से नियमित सफाई कराने, कूड़े का सुरक्षित निस्तारण करने और अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
वहीं, रेलवे प्रशासन की ओर से आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कराने की बात कही गई है।