बाराबंकी। गणेशपुर कस्बे में चल रही श्रीरामलीला के तेरहवें दिन मंगलवार रात ‘परदेसी उर्फ सपेरा’ नाटक का मंचन हुआ। नाटक के डायरेक्टर भजन और लेखक अश्वनी कुमार पांडेय उर्फ शिवा के निर्देशन में कलाकारों ने अभिनय किया। रामलीला मैदान में देर रात तक दर्शक जुटे रहे।
नाटक की कहानी एक राजपरिवार के इर्द-गिर्द है। राजा के दो सौतेले बेटे हैं। बड़ा बेटा आंचल सरल स्वभाव का है, जबकि छोटा बेटा चंचल शरारती और बदमाश प्रवृत्ति का है। चंचल बड़े भाई को राजपाट से बेदखल करने की साजिश रचता है। इस दौरान एक वफादार नौकर आंचल की रक्षा करता है।

ग्रामीणों से जंगल में जंगली जानवर के उत्पात की सूचना मिलने पर आंचल शिकार के लिए जाता है। वहां एक विशाल अजगर उसे निगल जाता है। छोटा भाई घर पहुंचकर परिवार को इसकी सूचना देता है। इसी बीच एक सपेरा अजगर को पकड़ता है और आंचल को उसके पेट से जीवित बाहर निकालता है। हालांकि, आंचल की याददाश्त चली जाती है।
सपेरों की बस्ती में रहते हुए आंचल को एक लड़की से प्रेम हो जाता है। प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद के बीच कहानी आगे बढ़ती है। अंत में आंचल की याददाश्त लौट आती है और वह अपने परिवार से दोबारा मिल जाता है।

मंचन में डॉ. दास की भूमिका रमाशंकर सोनी, अंचल की चंद्र प्रकाश मिश्रा, चंचल की मनीष तिवारी, वारिस की रामशंकर मिश्रा, नूहरू टिकोरा की रामचंदर गुप्ता, जमुना की रामप्रकाश राठौर और रानी मां की भूमिका दिलीप नाग ने निभाई। मैना की भूमिका हरिश्चंद्र डांसर (महक) ने निभाई। अन्य कलाकारों ने भी अलग-अलग भूमिकाएं कीं।
इस मौके पर मीडिया प्रभारी महामंत्री कृष्ण कुमार शुक्ल, मेकअप मैन पंकज गुप्ता, मदन सोनी, राजकुमार निगम, जितेंद्र नाथ मिश्रा और छोटू मिश्रा मौजूद रहे। कमेटी के सभी सदस्य और सैकड़ों दर्शक भी रामलीला देखने पहुंचे।