लखीमपुर खीरी। जिला खीरी के सिंगाही में महारानी सुरथ कुमारी स्टेट फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन फुटबॉल प्रेमियों को दो रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। मैदान पर खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में तराई स्पोर्टिंग क्लब ने साइनिंग स्टार क्लब को 1-0 से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में गोला गोकर्णनाथ की टीम ने मेजबान सिंगाही इलेवन को 2-1 से शिकस्त दी।
पहले मुकाबले में तराई स्पोर्टिंग क्लब की जीत
दिन के पहले मैच में तराई स्पोर्टिंग क्लब और साइनिंग स्टार क्लब के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। तराई स्पोर्टिंग क्लब की ओर से सलीम ने पहले हाफ के सातवें मिनट में शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद दोनों टीमों ने गोल करने के लिए प्रयास किए, लेकिन साइनिंग स्टार क्लब बराबरी का गोल नहीं कर सका। इस तरह तराई स्पोर्टिंग क्लब ने मुकाबला 1-0 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे मुकाबले में गोला गोकर्णनाथ ने मारी बाजी
दूसरा मुकाबला गोला गोकर्णनाथ और सिंगाही इलेवन के बीच खेला गया। मुकाबले के 21वें मिनट में गोला गोकर्णनाथ के अमर कुमार ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके जवाब में सिंगाही इलेवन के पवन कुमार ने 30वें मिनट में गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
दूसरे हाफ में मुकाबला और रोमांचक हो गया। इसी बीच गोला गोकर्णनाथ के अमन कुमार ने 39वें मिनट में शानदार गोल कर टीम को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी। अंत तक सिंगाही इलेवन बराबरी का गोल नहीं कर सकी और गोला गोकर्णनाथ ने जीत हासिल की।

कमेंट्री और अतिथियों की रही मौजूदगी
दोनों मुकाबलों के दौरान सैयद दिलशाद ने शानदार कमेंट्री की। इस अवसर पर चेयरमैन मोहम्मद कय्यूम, अनिल शाह, पं. सोनेलाल मिश्रा, किरन शाह, राकेश जायसवाल, रवि प्रसाद श्रीवास्तव और राना प्रताप जंग सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महारानी सुरथ कुमारी स्टेट फुटबॉल टूर्नामेंट में दूसरे दिन के मुकाबलों ने खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।