पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। नगर के एक निजी होटल में गुरुवार को जननीति भारत पार्टी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष दिव्या मित्तल ने राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव, सत्ता के विकेंद्रीकरण और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आम जनता की भागीदारी को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी भी राजनीतिक दल या गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी, बल्कि आगामी चुनाव अपने दम पर लड़ेगी।

दिव्या मित्तल ने कहा कि वर्तमान राजनीति में केवल चेहरों का बदलाव हो रहा है, जबकि व्यवस्था का स्वरूप नहीं बदल रहा है। उनके मुताबिक, जब तक राजनीति में धनबल, बाहुबल, जाति और धर्म का प्रभाव बना रहेगा, तब तक आम लोगों को निर्णय लेने की प्रक्रिया में उचित स्थान नहीं मिल सकेगा। उन्होंने सत्ता और फैसले लेने का अधिकार कुछ लोगों तक सीमित रखने के बजाय आम जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने इसे जननीति भारत पार्टी का मुख्य उद्देश्य बताया।

10-10 रुपये के सहयोग से चुनाव लड़ने का दावा

चुनाव में धनबल और बाहुबल की चुनौती को लेकर पूछे गए सवाल पर दिव्या मित्तल ने कहा कि वह बड़े पूंजीपतियों से चंदा नहीं लेंगी। पार्टी क्राउडफंडिंग के जरिए आम लोगों से 10-10 रुपये का सहयोग लेकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि गलत रास्ते पर चलकर सही मंजिल हासिल नहीं की जा सकती। दिव्या मित्तल ने जनता के सहयोग और ईमानदार प्रयासों के दम पर सफलता मिलने का विश्वास जताया।

प्रधानमंत्री मोदी को लेकर भी रखी अपनी बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में पूछे गए सवाल पर दिव्या मित्तल ने कहा कि वह देश के प्रधानमंत्री हैं और बड़े जनादेश के साथ काम कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि जितना बड़ा जनादेश होता है, जनता के प्रति जवाबदेही भी उतनी ही बड़ी होती है। उन्होंने सरकार से पिछले 80 वर्षों के कार्यों का हिसाब मांगने की बात कही।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सतीश जिंदल, सुशील मित्तल, आत्माराम तुलसियान, पवन तुलस्यान, नरेंद्र अरोड़ा, शरदचंद मिश्रा, चंद्रमणि और दुर्गेश एडवोकेट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।