लखनऊ। भाजपा के राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी हमेशा से बाबर, अकबर और औरंगजेब जैसे मुगल आक्रांताओं के पक्षधर रहे हैं। उन्होंने ओवैसी को 21वीं सदी का जिन्ना बताते हुए कहा कि उनका मकसद सांप्रदायिकता फैलाना और देश-प्रदेश को दंगे की आग में झोंकना है।
प्रकाश पाल ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी को अब संविधान की चिंता होने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी और चंद्रशेखर जैसे नेता समाज में कट्टरता फैलाकर भारत के सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ना चाहते हैं।
भाजपा सांसद ने आगे आरोप लगाया कि भारत विरोधी विदेशी शक्तियां लंबे समय से इंडी गठबंधन को अपने एजेंट के रूप में इस्तेमाल कर रही थीं, लेकिन जब यह प्रयोग कमजोर पड़ने लगा तो विदेशी ताकतें राहुल गांधी और अखिलेश यादव को दरकिनार कर ओवैसी और चंद्रशेखर जैसे नेताओं को आगे बढ़ा रही हैं।
उन्होंने विपक्षी दलों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इनके जरिए उत्तर प्रदेश में लव जिहाद, लैंड जिहाद और अन्य जिहादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जमीन तैयार की जा रही है।
प्रकाश पाल ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता विपक्षी दलों की इस कथित साजिश को अच्छी तरह समझ रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में ऐसे नेताओं को सबक सिखाएगी।
भाजपा सांसद के इस बयान से प्रदेश की राजनीति में ओवैसी, चंद्रशेखर और विपक्षी गठबंधन को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है।