बांदा। देश के प्रथम शिक्षा मंत्री एवं भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती बुधवार को कांग्रेस कार्यालय स्टेशन रोड में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और देश की आजादी, राष्ट्र निर्माण तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहर अध्यक्ष अफसाना शाह ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद के विचारों और आदर्शों पर चलकर ही देश को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद मौलाना आजाद ने शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और देश में शैक्षिक संस्थानों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि मौलाना आजाद का सपना था कि देश का हर बच्चा शिक्षित हो और समाज में ज्ञान का उजियारा पहुंचे। शिक्षा ही सामाजिक बदलाव और मजबूत राष्ट्र की बुनियाद है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और युवाओं सहित आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
इस मौके पर शिव बली सिंह, डॉ. केपी सेन, इदरीश भाई, शब्बीर सौदागर, छेदीलाल धुरिया, डीके दिनेश, वीरेंद्र धुरिया, पप्पू, राजेश, रफत खान गोगा, अशोक वर्धन, काण गोविंद नारायण, बलबीर सिंह, हरिश्चंद्र बाजपेई, सैयद वारिस अली, अली बॉक्स और सुखदेव गांधी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।