लखीमपुर खीरी। तराई क्षेत्र लखीमपुर खीरी में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। नवंबर के आखिरी सप्ताह में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ रहा है। शनिवार सुबह जिले के कई इलाकों में कोहरा और धुंध छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार को जिले का न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह के समय दृश्यता कम होने से सड़क और हाईवे पर आवागमन प्रभावित हो सकता है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने और धूप निकलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। आगामी दिनों में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 29 नवंबर से सुबह के समय कोहरा या धुंध देखने को मिल सकती है।
वाहन चालक बरतें सावधानी
कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों को सुबह के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। वाहन धीमी गति से चलाएं और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। वहीं बुजुर्गों और बच्चों को सुबह-शाम ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।