कुशीनगर। जनपद के पडरौना विधानसभा क्षेत्र के विशुनपुरा ब्लॉक अंतर्गत मनीकौरा ग्रामसभा के गुलहरीवा टोला में कांग्रेस की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जन-जागरूकता अभियान के तहत जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों को मतदान के अधिकार, मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं एआईसीसी ऑब्जर्वर अनिल भारद्वाज तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष रविंद्र विश्वकर्मा राधे ने की, जबकि कार्यक्रम संयोजक एवं पडरौना विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मोहम्मद जहीरुद्दीन ने संचालन किया।
मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील

जन चौपाल को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत और संवैधानिक अधिकार है। मताधिकार की रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
वक्ताओं ने एक-एक वोट के महत्व को समझने तथा मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के प्रति जागरूक रहने का भी आह्वान किया।
राहुल गांधी का संदेश पहुंचाया, लोकतंत्र की रक्षा का किया आह्वान

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आमजन का जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर जिला सचिव आर्यन बाबू, कोषाध्यक्ष वारिश अली, ब्लॉक अध्यक्ष राजू कुशवाहा, ब्लॉक उपाध्यक्ष मनोज कुशवाहा, पडरौना ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल हमीद अंसारी, लालचंद, कसया ब्लॉक अध्यक्ष तौसीफ अहमद, सेवा दल के कुंदन कुमार, बिरजू भारती, शैलेश कुमार भारती, मोहन भारती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।