बाराबंकी : तहसील रामनगर के सभागार में शनिवार को उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं और न्याय की गुहार लगाई।

राजस्व विभाग की सबसे अधिक 62 शिकायतें पहुंचीं

समाधान दिवस में कुल 105 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें सबसे ज्यादा 62 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा पुलिस विभाग की 21, विकास विभाग की 6, पूर्ति विभाग की 6, चकबंदी विभाग की 2 और विद्युत विभाग की 2 शिकायतें प्राप्त हुईं। अन्य विभागों से जुड़ी 6 शिकायतें भी अधिकारियों के सामने रखी गईं।

प्राप्त शिकायतों में से अधिकारियों ने मौके पर ही 5 का निस्तारण करा दिया। वहीं शेष 100 शिकायतों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के पास भेज दिया गया।

एसडीएम ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत को लेकर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

एसडीएम ने अधिकारियों से कहा कि जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

फरियादियों को बेवजह कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। शिकायतों का ऐसा निस्तारण किया जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इस दौरान तहसील स्तर के राजस्व, पुलिस, विकास, पूर्ति, चकबंदी और विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।