बाराबंकी : तहसील रामनगर की ग्राम पंचायत गणेशपुर में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला के आठवें दिन भगवान श्रीराम के वनवास प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने शानदार अभिनय के जरिए रामायण के इस महत्वपूर्ण प्रसंग को जीवंत कर दिया। श्रीराम के राज्याभिषेक की तैयारियों से लेकर कैकेयी के दो वरदान मांगने और 14 वर्ष के वनवास तक की लीला देखकर दर्शक भावुक हो उठे।

राज्याभिषेक की तैयारियों के बीच बदला घटनाक्रम

मंचन की शुरुआत राजा दशरथ के दरबार से हुई, जहां भगवान श्रीराम को अयोध्या का राजा बनाने के लिए राज्याभिषेक की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच देवताओं को चिंता सताने लगती है कि यदि श्रीराम का राज्याभिषेक हो गया तो रावण और अन्य राक्षसों के संहार का उद्देश्य कैसे पूरा होगा। देवता माता शारदा की वंदना कर सहायता की प्रार्थना करते हैं। उनकी विनती पर माता शारदा सहयोग के लिए तैयार हो जाती हैं।

इसके बाद कैकेयी के कोप भवन में जाने और राजा दशरथ से अपने दो वरदान मांगने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। कैकेयी भरत के लिए राजगद्दी और श्रीराम के लिए 14 वर्ष का वनवास मांगती हैं। यह सुनकर राजा दशरथ व्याकुल हो जाते हैं, लेकिन रघुकुल की मर्यादा और दिए गए वचन के कारण वे असहाय नजर आते हैं।

पिता के वचन के लिए श्रीराम ने स्वीकार किया वनवास

पिता के वचन का सम्मान करते हुए भगवान श्रीराम सहर्ष वन जाने का निर्णय लेते हैं। माता सीता और भाई लक्ष्मण भी उनके साथ वन जाने का संकल्प लेते हैं। इस दृश्य का कलाकारों ने इतना प्रभावशाली मंचन किया कि उपस्थित श्रद्धालु भावुक हो गए।

राम की भूमिका लव त्रिपाठी, लक्ष्मण की भूमिका कुश त्रिपाठी और माता सीता की भूमिका अरुण अवस्थी ने निभाई। वहीं राजा दशरथ के किरदार में मनीष तिवारी ने अपने अभिनय से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

रामलीला से दिया जा रहा त्याग और मर्यादा का संदेश

रामलीला कमेटी के संरक्षक सतीश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श, त्याग, मर्यादा और माता-पिता के प्रति सम्मान की भावना का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मौजूद रहे।

इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण कुमार अवस्थी, मीडिया प्रभारी एवं महामंत्री केके शुक्ला, जितेंद्र नाथ मिश्रा, अनुज पांडेय, शिवा पांडेय, राम शंकर मिश्रा, मुन्ना रावत, महेश रावत, राम प्रकाश राठौड़, राजकुमार निगम, पंकज गुप्ता सहित कमेटी के सभी सदस्य उपस्थित रहे।