बांदा। उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान कुल मतदेय स्थलों यानी बूथों की संख्या के आठ प्रतिशत के अनुरूप 123 बैलेट यूनिट और कंट्रोल यूनिट (बीयू-सीयू) को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में अलग वेयरहाउस में सुरक्षित रखवाया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा, रखरखाव तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
20 नवंबर से शुरू होंगे ईवीएम प्रदर्शन केंद्र

जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी ने बताया कि मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए 20 नवंबर 2026 से जिला एवं तहसील मुख्यालयों पर ईवीएम प्रदर्शन केंद्र (ईडीसी) स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से आमजन और मतदाताओं को मशीनों के संचालन की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे मतदान प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समयबद्ध, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरी की जाएं। आगामी विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।