लखीमपुर खीरी। प्रेस क्लब मोहम्मदी की महत्वपूर्ण बैठक क्लब के अध्यक्ष अब्बास नकवी के आवास पर संपन्न हुई। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, पत्रकारों के हितों की रक्षा करने तथा आगामी कार्यकाल की गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों को परिचय पत्र (प्रेस आईडी कार्ड) वितरित किए गए।

नई कार्यकारिणी का कार्यकाल 1 नवंबर 2026 से 31 दिसंबर 2028 तक निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुभाष गुप्ता मौजूद रहे। उनके साथ प्रेस क्लब अध्यक्ष अब्बास नकवी, महामंत्री आकाश सैनी और ऐपजा क्लब के अध्यक्ष आर.एन. दीक्षित भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विभिन्न पत्रकार संगठनों से जुड़े साथी भी शामिल हुए। इनमें दिनेश सिंह सोमवंशी, आसाराम सैनी, सदाकत मंसूरी, शहवाज सिद्दीकी और गोपाल तिवारी सुनीत राठौर प्रमुख रहे। मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को गले में प्रेस कार्ड पहनाकर सम्मानित किया और नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

नई कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी

प्रेस क्लब मोहम्मदी की घोषित कार्यकारिणी में अब्बास नकवी को अध्यक्ष, आकाश सैनी को महामंत्री और सदीप गुप्ता को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा शिवलू को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रबीउल्ला और शावेज़ खान (मुन्ना) को उपाध्यक्ष, इंतज़ार ख़ान को संगठन मंत्री तथा शहबाज़ ख़ान (साहिल) को सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। हसन नकवी को विधिक सलाहकार बनाया गया।

वहीं जियाउल्लाह खान और फरीद खान सहित अन्य सदस्य भी कार्यकारिणी में शामिल रहे।

पत्रकारों के हितों की रक्षा का लिया संकल्प

बैठक के दौरान मौजूद पत्रकारों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने और पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारिता से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक रूप से आवाज उठाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब अध्यक्ष अब्बास नकवी ने बैठक में पहुंचे वरिष्ठ पत्रकारों, अतिथियों और सभी साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।